जम्मू। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जम्मू संभाग में स्वास्थ्य सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करने तथा स्कूलों व अन्य शिक्षण संस्थानों को खोलने के फैसले पर पुनर्विचार करने का उप राज्यपाल से आग्रह किया गया है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मंगलवार को विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि कोरोना से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ऐसे में अवाम को सुरक्षित माहौल दिया जाना चाहिए। इसमें अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने पर बल दिया गया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के शिष्टमंडल में पूर्व मंत्री डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल और पूर्व एमएलसी विबोध गुप्ता ने जम्मू कश्मीर में कोविड -19 स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, जिला अस्पतालों में चौबीस घंटे ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई, चिकित्सा स्टाफ की कमी, जीएमसी जम्मू में ऑक्सीजन संयंत्र के जल्द संचालन आदि मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को खोलने के फैसले पर पुनर्विचार करने, मनरेगा के तहत 2017-18 का लंबित भुगतान करने, पीओके रिफ्यूजियों को मुआवजा देने, रहबर ए खेल भर्ती, डेलीवेजरों को नियमित करने, वीडीसी सदस्यों का मानदेय बढ़ाने आदि पर भी बात की गई।
पूर्व मंत्री सुशील शर्मा ने किश्तवाड़ जिले में बहुप्रतीक्षित हवाई पट्टी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आईटीआई पाडर, किश्तवाड़ में केसर पार्क पर काम शुरू करने, कुलिंद चौक से 9 सेक्टर आरआर के लिए सड़क का चौड़ीकरण, काछन में डिग्री कॉलेज और किश्तवाड़ के अन्य विकास मुद्दों पर चर्चा की।
पीओजेके लाभार्थियों को भुगतान की मांग
पूर्व मंत्री बाली भगत और दया सागर ने नियमों पर स्पष्टीकरण और डोमिसाइल सर्टिफिकेट के लिए पात्रता, जिला प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन, बचे हुए पीओजेके लाभार्थियों के लिए 5.5 लाख रुपये का भुगतान, मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों को भरने पर चर्चा की। पूर्व एमएलसी चरणजीत सिंह खालसा ने डीआरपीएससी द्वारा अनुशंसित उपायों के तहत राहत और पुनर्वास के कार्यान्वयन से संबंधित मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
पंजाबी को राजभाषा का दर्जा देने की मांग
जम्मू और कश्मीर के सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरेंद्र सिंह सोनू के नेतृत्व में पंजाबी को राजभाषा का दर्जा देने की मांग की। इस संबंधी ज्ञापन भी सौंपा। जेके गुज्जर बकरवाल फेडरेशन के प्रधान शौकत गुज्जर ने गुज्जर बकरवाल समुदाय के कल्याणकारी मुद्दों को उठाया। इसके अलावा अन्य शिष्टमंडल भी उपराज्यपाल से मिले।