जम्मू। जम्मू शहर में ट्रैफिक उल्लंघन पर रोक और निगरानी के लिए चिन्हित किए गए 44 जंक्शनों पर बॉक्स कैमरा और आईपी आधारित पीए सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 20 मार्च को निविदाएं जारी की जाएंगी। जनता की सहूलियत के लिए स्क्रीन पर डेटा प्रदर्शित करने के साथ उपलब्ध पार्किंग स्थलों की वास्तविक समय की जानकारी प्रदान करने वाले एप को जेडीए विकसित करेगा। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के लिए आईआईटी रुड़की द्वारा डीपीआर तैयार की गई है और जल्द ही इसके लिए आईटी विभाग की ओर से निविदा जारी की जाएगी।
उपराज्यपाल के प्रधान सचिव नीतीश्वर कुमार ने बुधवार को राजभवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) और श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (एसएससीएल) की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जम्मू के सौंदर्यीकरण के लिए बसोहली चित्रकारी का उपयोग किया जाएगा। प्रधान सचिव ने इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, जम्मू में आईटीआधारित स्मार्ट पार्किंग प्रणाली, स्ट्रीट विकास प्रोजेक्टों में मुबारक मंडी से रघुनाथ बाजार, रेजीडेंसी रोड हाई स्ट्रीट, अप्सरा रोड हाई स्ट्रीट, डोगरा चौक से केसी चौक तक सड़क विस्तारीकरण, 23 जंक्शन का विस्तार, जम्मू स्मार्ट पब्लिक बाईसाइकिल शेरिंग सिस्टम, बाहु फोर्ट और मुबारक मंडी परिसर में बिजली रोशनी, अग्निशमन सेवाओं का विस्तार आदि की प्रगति की समीक्षा की। नरवाल फल/सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। श्रीनगर में मेट्रो प्रणाली के साथ जल परिवहन प्रणाली के एकीकरण और जम्मू शहर में मेट्रो परियोजना के साथ विभिन्न परिवहन साधनों के समान एकीकरण पर भी चर्चा हुई। इसी तरह वर्चुअल मोड के माध्यम से श्रीनगर स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सीईओ श्रीनगर स्मार्ट सिटी डॉ. शाहिद इकबाल ने बताया कि मंदिरों का संरक्षण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। झेलम के साथ जल परिवहन के लिए जीरो ब्रिज से सफाकदल तक टोही सर्वेक्षण पूरा हो गया है।