जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पा रही। चुनाव मार्च के पहले सप्ताह में कराने की योजना थी, लेकिन अब तक चुनाव की तारीख तय नहीं हो पाई है। मंगलवार को चुनाव के मुद्दों को लेकर बैठक होनी थी। बैठक तो हुई, लेकिन इसमें भी कोई सहमति नहीं बन पाई। वीरवार को चुनाव कमेटी की बैठक होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से बैठक को फिर से स्थगित कर दिया गया। अब शुक्रवार को फिर से बैठक होगी। इसमें चुनाव को लेकर अलग-अलग कमेटियां बनाने पर सहमति बन सकती है।
चुनाव कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट राजेश कोतवाल का कहना है कि चुनाव कराने में कई प्रक्रियाएं हैं। इनको पूरा करने के लिए कुछ जिम्मेदारियां तय करनी हैं। इसके लिए अलग-अलग कमेटियां बनानी होंगी। लिहाजा शुक्रवार को बैठक कर इस पर सहमति बनाई जाएगी। कुछेक मुद्दे हैं, जिनको चुनाव कराने से पहले हल करना जरूरी है। इसी को लेकर थोड़ी देरी हो रही है। जल्द ही चुनाव को लेकर शेड्यूल तय किया जाएगा।