संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। आचार्य श्री चंद्र कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल (एएससीओएमएस) में आरक्षण के तहत एमडी और एमएस मैनेजमेंट में प्रवेश के लिए संयुक्त रूप से काउंसलिंग की जाएगी। इसमें अल्प संख्यक हिंदू और गैर भारतीय निवासी वर्ग के वह अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने नीट पीजी की परीक्षा में स्थान पाया है और आवेदन के बाद बोर्ड की प्रोविजनल मेरिट में भी नाम है।
जम्मू-कश्मीर व्यवसायिक बोर्ड की ओर से जारी की गई अधिसूचना में बताया गया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 22 अगस्त से लेकर 25 अगस्त तक जम्मू और श्रीनगर बोर्ड कार्यालय में अपने दस्तावेज जमा करवा सकेंगे। बोर्ड की साइट पर दस्तावेजों का प्रारूप दिया गया है। अल्पसंख्यक हिंदू वर्ग की 13 और गैर भारतीय निवासी वर्ग की 5 सीटें भरी जानी हैं। ऑनलाइन मोड से काउंसलिंग होगी। अभ्यर्थियों का नीट में 291 तक का स्कोर देखा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सीटें भरने के लिए 23 से काउंसलिंग होगी। एक से लेकर 500 रैंक तक के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 24 अगस्त को 501 से 1000 तक, 25 को 1001 से 1472 रैंक तक के अभ्यर्थियों को बोर्ड ने काउंसलिंग में शामिल होने का निर्देश दिया है।