आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव चकरोई में शुक्रवार शाम को हाईटेंशन लाइन की मरम्मत करते समय बिजली विभाग के अस्थायी कर्मी (लाइनमैन) की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। जब कोई लाइनमैन मरम्मत कार्य में जुटा था तो बिजली आपूर्ति बहाल कैसे हो गई। इसकी जांच की मांग की गई। लाइनमैन की मौत के बाद लोगों का विभाग द्वारा लापरवाही को लेकर लोगों में रोष व्याप्त था।
जानकारी के अनुसार बिजली विभाग का अस्थायी कर्मचारी निवासी चकरोई सुनील कुमार पुत्र सोहन लाल शुक्रवार शाम को एचटी फीडर की मरम्मत कार्य कर रहा था। काम शुरू करने से पहले करंट की आपूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन काम पूरा होने से पहले ही किसी ने बिजली बहाल कर दी। इससे सुनील को जोरदार करंट लगा और उसकी करंट लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत लाया घोषित कर दिया गया।