आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर इलाके के संबूरा में सर्च आपरेशन चलाया। इस दौरान इलाके की घेराबंदी कर व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई भी हाथ नहीं लगा।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। सड़क पर निकल आए लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव भी किया। वहीं उत्तरी कश्मीर के बारामुला में वाहनों पर गत दिनों पथराव करने वाले युवाओं के एक समूह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को तीन वाहनों पर सवार लोगों ने बारामुला मार्केट में वाहनों पर पथराव किया था। इससे अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस मामले में बारामुला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पकड़े गए युवाओं से पूछताछ कर रही है।