पत्नीटाप में आने वाले देशभर के पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। अब पर्यटकों को यहां आने पर निशुल्क मसाज सुविधा मिलेगी, जो थकान मिटाकर उन्हें तरोताजा करेगी। यही नहीं, हाई स्पीड इंटरनेट वाले कंप्यूटर पर बैठकर पर्यटक राज्य के किसी भी पर्यटन स्थल की सैर करने की जानकारी ले सकेंगे।
पर्यटन विभाग ने पत्नीटाप में हाई टेक टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर बनाने की योजना तैयार कर ली है। देश की नामी कंपनियों को इसका निर्माण करने का आमंत्रण दिया गया है।
यह सेंटर राज्य का पहला ऐसा सेंटर होगा जहां सुविधाएं मिलेंगी। पत्नीटाप टूरिज्म डेवलेपमेंट अथारिटी के चीफ एग्जीक्यूटिव आफिसर राकेश सुगराल ने बताया कि सेंटर में आटोमेटिक मसाज चेयर होंगी।
यहां पर्यटक बैठकर अपनी थकान मिटा सकते हैं। बच्चों के लिए गेमिंग जोन बनाया जाएगा। वाईफाई की सुविधा रहेगी। एक शानदार एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर साल भर के आयोजनों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
सेंटर में बैठकर पर्यटक पत्नीटाप सर्किट के अन्य पर्यटन स्थलों पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
ट्रैकिंग रूट की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में पर्यटकों को रुकने के लिए मनोरंजन का बेहतरीन स्थल होगा।
मौजूदा समय में राज्य के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर सिर्फ पैंफलेट तक ही उपलब्ध हैं। यहां पहुंचने पर पर्यटकों को जानकारी भी सही से नहीं मिलती, लेकिन इस तरह के हाई टेक सेंटर से पर्यटकों को सुविधाओं के साथ जानकारी भी मिलेगी।
पत्नीटाप में पीक सीजन के दौरान प्रति दिन 2000 से 2500 पर्यटक पहुंचते हैं। सर्दियों में यह ग्राफ थोड़ा कम हो जाता है। साल भर में पांच लाख से अधिक पर्यटक पत्नीटाप पहुंचते हैं। इस सेंटर से लाखों पर्यटकों को लाभ मिलेगा।