जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में शहीद 4 पैरा स्पेशल फोर्स के लांसनायक संदीप सिंह का धारीवाल के गांव कोटला खुर्द में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहीद बेटे के पार्थिव शरीर को मां कुलविंदर कौर ने कंधा दिया।
मंगलवार को तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह जब शहीद के गांव पहुंची तो माहौल गमगीन हो उठा। शहीद की माता कुलविंदर कौर, पत्नी गुरप्रीत सिंह व बहन खुशमीत कौर की करुणामयी चीखें पत्थरों का कलेजा छलनी कर रही थी। वहीं शहीद का पांच वर्षीय बेटा अभिनव गुमसुम व नम आंखों से अपने शहीद पिता की देह को एकटक निहारते हुए अपनी मां के आंसू पोछ रहा था।
हीद की बहादुर माता कुलविंदर कौर ने अपने शहीद बेटे की अर्थी को कंधा देकर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को यह संदेश दिया कि हिंदुस्तान की माताओं के कंधे में इतनी ताकत है कि वह अपने शहीद बेटे को कंधा दे सकती है।
उन्होंने कहा कि मुझे अपने बेटे के जाने का दुख तो बहुत है लेकिन इस बात का गर्व भी है कि संदीप ने अपनी शहादत देकर मुझे एक शहीद की मां होने का गौरव प्रदान कर दिया। पिता जगदेव सिंह व पांच वर्षीय बेटे ने जब शहीद की चिता को मुखाग्नि दी तो श्मशानघाट में मौजूद लोगों ने शहीद संदीप सिंह अमर रहे, भारत माता की जय, पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद ने नारे से शहादत को नमन किया।