आतंकियों से कठुआ मुठभेड़ में 28 मार्च को दिखाया था अदम्य साहस
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। भारत सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जम्मू-कश्मीर के वीर सपूत बलिदानी हवलदार जगबीर सिंह पुत्र स्वर्गीय भोला राम चौधरी को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की है। बलिदानी जम्मू कश्मीर पुलिस में तैनात थे। यह सम्मान उनके द्वारा देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस के लिए दिया जा रहा है।
बता दें कि 28 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कठुआ क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने एक विशेष अभियान चलाया था। इस मुठभेड़ के दौरान खौड़ उपजिला के मट्टू गांव के निवासी हवलदार जगबीर सिंह ने आतंकियों का वीरतापूर्वक मुकाबला किया। अपनी जान की परवाह न करते हुए उन्होंने भारत माता की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।
हवलदार जगबीर सिंह, स्वर्गीय भोला राम चौधरी के सुपुत्र थे। उनके मरणोपरांत कीर्ति चक्र मिलने की खबर से जहां उनके पैतृक गांव मट्टू और पूरे खौड़ इलाके में खुशी की लहर है, वहीं हर किसी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने शहीद के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जगबीर सिंह का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।