सांसद जुगल किशोर शर्मा ने ट्रेनों के ठहराव होने पर दी बधाई, विधायक के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग रहे उपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को जम्मू मंडल, उत्तर रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सांबा रेलवे स्टेशन पर 6 महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव पुनः बहाल किए गए। ये ठहराव 15 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गए हैं।
इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद लोकसभा जम्मू जुगल किशोर शर्मा ने सायं 17:26 बजे ट्रेन संख्या 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-सुबेदारगंज एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान माननीय विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू व अन्य अधिकारी, रेलवे कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
क्षेत्र के विकास की रफ्तार बढ़ेगी
इस अवसर पर सांसद एवं विधायक ने कहा कि सांबा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग थी। स्वतंत्रता दिवस के दिन 6 ट्रेनों के ठहराव बहाल होने से क्षेत्रवासियों के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है। इससे तीर्थयात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सीधी कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
समय सारिणी के लिए एप देखें
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू, उचित सिंघल ने बताया कि सांबा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए, जम्मू मंडल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 6 प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बहाल किया है। ट्रेनों की समय-सारिणी की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप अथवा 139 पर संपर्क करें।
सांबा स्टेशन पर ठहराव बहाल होने वाली 6 ट्रेनें
ट्रेन संख्या 20434, 16787, 14803, 14804, 16317, 16031 इसी क्रम में ट्रेन संख्या 19223/19224 का भी ठहराव माह अक्टूबर से सांबा रेलवे स्टेशन पर किया गया हैं।