महिला के शव को सड़क पर रख परिवार ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू के दोमाना बचयाल में सुबह एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर वालों ने ससुराल वालों को बताया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई, जबकि मायके वाले ससुराल वालों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। महिला की मौत पर गुस्साए मायके वालों ने शव को सड़क पर रखकर तीन घंटे तक जम्मू-अखनूर मार्ग को बंद रखा। मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने फिलहाल मृतका के सास-ससुर और ननद को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कानाचक्क थाना अंतर्गत गांव बचयाल निवासी विवाहिता सीमा देवी (22) पत्नी गुरमीत सिंह की मौत की खबर मंगलवार तड़के ससुराल वालों ने उसके मायके वालों को दी। तुरंत मायके वाले वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। शव को मिश्रीवाला चौक पर रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ससुराल वालों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग करने लगे। मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि सीमा की हत्या की गई है।
लल्याल निवासी मृतका के भाई शेर सिंह ने बताया कि सीमा और वह दो ही भाई-बहन हैं। चार वर्ष पहले सीमा की शादी की थी। वह रविवार को भी बहन से मिलने गया था। तब उसने ऐसा कुछ नहीं बताया, जिससे लगे कि वह दुखी है। इसलिए उसकी खुदकुशी का सवाल ही नहीं उठता। उसकी हत्या की गई है।
महिला की मौत पर सड़क जाम की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे एसडीएम मढ़ तारिक, एसपी रूरल दुष्यंत शर्मा और एसडीपीओ दोमाना संदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। मृतका के ससुराल वालों को हिरासत में लेने का आदेश जारी किया और डाक्टरों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाने की बात कही। इस दौरान तीन घंटे तक जम्मू-अखनूर मार्ग पर यातायात ठप रहा।