जाकिर के समर्थन में श्रीनगर में प्रदर्शन
- फोटो : ANI
इस्लामिक उपदेशक डा. जाकिर नाईक के खिलाफ जांच के आदेश से गुस्साए उनके समर्थकों ने श्रीनगर में शांति मार्च निकाला। उन्होंने प्रेस इनक्लेव में धरना भी दिया। उन्होंने चेताया है कि यदि उनके उपदेशों पर रोक लगाई गई या उनके चैनल पर प्रतिबंध लगा तो नतीजे गंभीर होंगे।
इस्लामिक फर्टिनिटी संस्था से जुड़े नाइक समर्थक दोपहर में रेजीडेंसी रोड पर एकत्र हुए। उन्होंने मार्च निकाला और नाइक के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही उनके खिलाफ जांच के आदेश की निंदा की।
उनका कहना था कि जाकिर नाईक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त उपदेशक हैं। हमेशा उन्होंने आतंकवाद की कड़ी आलोचना की है। ऐसे में उनके खिलाफ जांच किया जाना उचित नहीं है। उनके खिलाफ झूठा दुष्प्रचार किया जा रहा है।
उन्होंने नाइक के प्रति समर्थन जताने के लिए प्रेस इनक्लेव के बाहर कुछ देर तक धरना दिया। हालांकि, उनका मार्च और धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। नाईक के समर्थन में लोगों के सड़क पर उतरने की सूचना पर काफी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गया था।
जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक ने कहा कि बिना जांच के जाकिर नाईक के उपदेशों को विवादास्पद घोषित करना उचित नहीं है। निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद ने कहा कि जाकिर नाईक के शांति उपदेशों पर रोक लगाने की केंद्र सरकार कोशिश कर रही है।