उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टिक्कीपोरा, लोलाब के मन्नान बशीर वानी को आतंकी बने एक साल पूरा भी नहीं हुआ था कि उसे हंदवाड़ा में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। वह 5 जनवरी, 2018 को आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ था। मन्नान के आतंकी संगठन में शामिल होने के बाद परिवार सदमे में था। उनके अनुसार उन्हें अपने बेटे से ऐसी उम्मीद नहीं थी।
दरअसल मन्नान बशीर वानी की फोटो 7 जनवरी, 2018 को सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें यह बताया गया था कि वह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है। उसे संगठन ने हमजा भाई का कोड दिया था। उस समय एक स्थानीय न्यूज एजेंसी के मुताबिक संगठन के चीफ सैयद सलाहुद्दीन ने मन्नान का स्वागत किया था और इसे कश्मीरी मुहिम के लिए एक अच्छा संकेत बताया था।
सदमे में थे मन्नान के मां-बाप
मन्नान के आतंकी संगठन में शामिल होने पर उसके घर पर उस समय दुख का माहौल था। उसके माता पिता, बहन, भाई और रिश्तेदार सभी सदमे में थे। उनका कहना था कि मन्नान से उन्हें ऐसी उम्मीद नहीं थी। मन्नान के पिता बशीर वानी ने इस घटना को अपनी बदकिस्मती ठहराया था। उन्होंने बताया था कि प्राइमरी से पीएचडी तक मन्नान ने अच्छी तरह से पढ़ाई की। उसके पास बहुत हुनर था, बहुत कुछ कर सकता था, लेकिन यह खबर सुनकर काफी दुख पहुंचा। उन्होंने कहा था कि उससे आखिरी संपर्क तीन जनवरी को हुआ था। उसने बहन को अपनी कुछ तस्वीरें भी भेजी थीं, लेकिन उसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ।