संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। अखनूर क्षेत्र की चौकी चौरा सबडिवीजन की पंचायत गंगाल में शनिवार को खेतों में लगी आग को बुझाने गए व्यक्ति की आग में झुलसने से मौत हो गई। पीड़ित की पहचान थोडु राम पुत्र हरि राम (55) निवासी फागल के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार थोडू राम को पता चला कि उसके खेतों में आग लगी है तो वह तुरंत खेतों में आग बुझाने गया, जहां किसी वजह से वह आग में झुलस गया। उसके परिवार के सदस्य भी थोड़ी देर के बाद खेतों में आग बुझाने गए थे, लेकिन उन्हें आग पर काबू पाते और थोडू राम को ढूंढते हुए एक घंटा लग गया तब तक थोडू राम पूरी तरह से आग में झुलस चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी। खेतों में आग लगने के कारण का पता नहीं लग सका। वहीं, चौकी चौरा पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित का संस्कार दिया गया।