मेंढर पुलिस ने शनिवार को गांव डराना में छापामारी कर एक व्यक्ति को दो पाकिस्तानी सिमकार्ड के साथ गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए आरोपी का नाम आमीर हुसैन शाह है।
पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ आरपीसी की धारा 15/18/38/39,120 बी और 2/3 दुश्मन के लिए जासूसी करने का मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेंढर पुलिस को इस बात की पुख्ता जानकारी मिली थी कि गांव डराना निवासी आमीर हुसैन शाह देश के दुश्मनों के लिए काम करता है और उसके पास पाकिस्तानी मोबाइल सिमकार्ड भी मौजूद हैं।
इसके बाद एसएसपी पुंछ जतिंदर सिंह जोहर की अगुवाई में एसडीपीओ मेंढर शाहीद नईम और एसएचओ मेंढर अंजीर अमहद के साथ गांव डराना में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आतंकी गतिविधियों में लिप्त रहा है और कुछ समय पाकिस्तान में भी गुजारा है। इस मामले में पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। सीमावर्ती इलाके में पाकिस्तानी नेटवर्क का आतंकियों के ओजीडब्ल्यू तथा आईएसआई के एजेंट लाभ उठाते हैं।