स्वास्थ्य महकमे में बड़े फेरबदल की तैयारी की जा रही है। इसमें लंबे समय से एक जगह बैठे डाक्टरों को शिफ्ट किया जाएगा। तय कार्यकाल खत्म होने पर एसोसिएटेड अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग से आए रजिस्ट्रार भी स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके लिए करीब 150 ऐसे डाक्टरों की सूची फाइनल की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त शांतमनु के अनुसार सूची को फाइनल किया जा रहा है और जल्द इस पर अमल किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री लाल सिंह के पदभार संभालने के बाद हाल ही में जम्मू संभाग के 103 डाक्टरों को इधर सेे उधर किया गया है।
इसमें शहरी अस्पतालों से भी कई प्रमुख डाक्टरों को उठाकर दूरवर्ती और जिला अस्पतालों में भेजा गया है। इसके बाद अब नई सूची तैयार की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि जिला और दूरवर्ती इलाकों में डाक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए ऐसी प्रक्रिया की जा रही है। इसमें नियमों के तहत ही तबादले पर काम हो रहा है।