जगमोहन डालमिया की अध्यक्षता में बनाई बीसीसीआई कमेटियों में राज्य के चार सदस्यों को प्रतिनिधित्व दिया है। इसमें दो सदस्यों को बीसीसीआई डाटा मैनेजमेंट कमेटी, एक को म्यूजियम कमेटी और एक अन्य सदस्य को टीवी प्रोडक्शन कमेटी में शामिल किया है।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) के चेयरमैन अरविंदर सिंह मिक्की और मीडिया कमेटी के चेयरमैन रंजीत कालरा को बीसीसीआई डाटा मैनेजमेंट कमेटी में जगह दी गई है। इसी तरह जेकेसीए वर्किंग कमेटी के सदस्य अंकुश अबरोल को म्यूजियम कमेटी में शामिल किया गया है।
श्रीनगर से कैप्टर एसके टिक्कू को बीसीसीआई टीवी प्रोडक्शन कमेटी में सदस्य बनाया गया है। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर के सदस्यों पर मुहर लगाने के बाद कमेटियों को फाइनल किया गया है। इसके अलावा श्रीनगर से एमएल नेहरू विजय हजारे कमेटी में नार्थ जोन से बीसीसीआई की ओर से चेयरमैन के तौर पर प्रतिनिधित्व करेंगे।
इससे पूर्व रंजीत कालरा बीसीसीआई म्यूजियम कमेटी में दो साल के कार्यकाल पर रहे। बीसीसीआई की अहम कमेटियों में राज्य को प्रतिनिधित्व मिलने से रियासत में क्रिकेट को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। राज्य को राष्ट्रीय स्तर की मेजबानी को बढ़ोतरी मिलेगी।