जम्मू-कश्मीर में सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के भीतर बगावत की चिंगारी अब शोला बनकर पार्टी के सियासी वजूद को झुलसाती नजर आ रही है। सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी मंगलवार को अपने इस्तीफे पर अडिग हैं। कद्दावर नेता मुबारक गुल अपना अगला कदम बुधवार को आगे बढ़ाएंगे। 25 विधायकों के अलग राह पकड़ने का अल्टीमेटम पहले ही दे चुके हैं। सोमवार को जम्मू संभाग में पीर पंजाल और चिनाब क्षेत्र के पांच विधायकों के इस्तीफे की अटकलों ने सियासी बाजार और गरमा गया। इस सियासी उथल-पुथल के बीच भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संकटमोचक माने जाने वाले राम माधव का अचानक तय हुआ जम्मू-कश्मीर दौरा प्रदेश में किसी नए राजनीतिक सुगबुगाहट का खुला संकेत दे रहा है।
नेकां के लिए आज और कल का दिन बेहद तनाव भरा रहेगा। श्रीनगर से उसके अपने ही सांसद रुहुल्ला ने साफ कर दिया है कि अपने फैसले में कोई बदलाव नहीं करेंगे। उनकी बगावत ने नेकां नेतृत्व की साख पर सीधा वार किया है। पार्टी की नजर अब रुहुल्ला के साथ जाने वालों पर है। उधर, नाराज 25 विधायकों को मनाने की कोशिश सिरे नहीं चढ़ी तो बुधवार को मुबारक की प्रेस कॉन्फ्रेंस सबसे अहम रहेगी। जानकारों का मानना है कि गुल का रुख तय करेगा कि कश्मीर में असंतोष की यह लहर किस अंजाम तक पहुंचेगी।
बता दें कि विधानसभा में निर्वाचित 90 सदस्यों में नेकां के 41 विधायक हैं। इनमें से 25 विधायक चेतावनी दे चुके हैं कि हम ही असली नेकां हैं। इस संख्या में राजोरी, पुंछ और रियासी जिले से पार्टी के पांच और विधायकों का नाम जुड़ रहा है। यदि ये आंकड़ा एकजुट होता है और इस संख्या बल के साथ नेकां में विद्रोह की स्थिति बनती है तो उमर सरकार बने रहने के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
इस्तीफे की अटकलों से चर्चा में रहे पांच विधायक :
जम्मू संभाग में राजोरी, पुंछ और रियासी जिले के पांच विधायकों के नाम सोमवार को अचानक चर्चा में आ गए। इस्तीफे को लेकर वायरल हुए संदेश के बाद नेकां के भीतर और बाहर के लोग विधायकों से लगातार संपर्क साधते रहे। गुलाबगढ़ के विधायक खुर्शीद अहमद और थन्नामंडी के विधायक मुजफ्फर इकबाल ने कहा कि मेरे नाम लेकर वायरल की गई पोस्ट में कोई सच्चाई नहीं है। मैंने किसी को इस्तीफा नहीं सौंपा है।
सुलह की कोशिशें : विधायकों को मनाने में जुटे डॉ. फारूक
नेकां में अंदरूनी विवाद सुलझाने के प्रयास तेज हो गए हैं। पार्टी प्रमुख डॉ. फारुक अब्दुल्ला नाराज विधायकों से संपर्क साध रहे हैं। जिन विधायकों ने नाराजगी की वजह गिनाई हैं, भविष्य में उन्हें पूरा करने की संभावनाएं देखी जा रहीं हैं। बैठक करने वाले असंतुष्ट विधायकों ने उमर के सलाहकार नासिर असलम वानी, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और शम्मी ओबेरॉय पर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा, हाईकमान विधायकों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। मामला जल्द सुलझ जाएगा।
बदलते सियासी समीकरणों के बीच राम माधव का दौरा अहम
जम्मू-कश्मीर में बदलते सियासी हालात के बीच भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव मंगलवार को जम्मू में रहेंगे। उनके इस दौरे पर सबकी निगाहें लगी हैं। नेकां में चल रही अंदरूनी उठापटक के बीच गठबंधन की राजनीति में माहिर माने जाने वाले राम माधव की जम्मू में मौजूदगी अहम मानी जा रही है। जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली पीडीपी के साथ भाजपा के गठबंधन में राम माधव अहम भूमिका निभा चुके हैं। कश्मीरी नेताओं के साथ भी उनके अच्छे संबंध हैं। उनके आगमन को बेशक भाजपा का प्रदेश नेतृत्व रुटीन दौरा बताकर पेश कर रहा है, लेकिन यह सामान्य दौरा है।
राम माधव जम्मू में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ही विधायकों के साथ बैठक कर राजनीतिक हालात पर चर्चा करेंगे। वे संघ के शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों ब्योरा लेंगे। उनके दौरे का लक्ष्य वर्तमान स्थिति को देखते हुए पार्टी की आगामी रणनीति तय करना रहेगा।
इस्तीफे से कदम पीछे हटाने का सवाल ही नहीं है। भविष्य में श्रीनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होते हैं तो उसके बारे में भी विचार किया जाएगा। जो विधायक नेकां में विरोध कर रहे हैं उनके अपने-अपने हित हैं। उन्होंने पहले मुझसे संपर्क किया था लेकिन मौजूदा स्थिति में कोई बातचीत नहीं हो रही है। मैं खुद इस्तीफा देने जा रहा हूं और मैंने व्यक्तिगत तौर पर किसी को इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा है। -
आगा रुहुल्ला मेहदी