जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के बाद किश्तवाड़ जिले में मां दुर्गा के मंदिर तक होने वाली मचैल माता यात्रा को भी रोक दिया गया है। इसे सुरक्षा कारणों से रोका गया है। डीएम अंग्रेज सिंह राणा ने इस यात्रा को रोके जाने की पुष्टि की है। इससे पहले अमरनाथ यात्रा पर आतंकी खतरे की खुफिया जानकारी मिलने पर सरकार द्वारा एडवाइजरी की गई थी।
इसके बाद से ही अमरनाथ यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया था। साथ ही अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को घाटी छोड़ने की सलाह दी गई है। किश्तवाड़ जिला आयुक्त अंग्रेज सिंह राणा ने बताया कि किश्तवाड़ में दुर्गा मंदिर से शुरु होने वाली मचैल यात्रा को रोक दिया गया है।
देश भर से हजारों श्रद्धालु यात्रा के दौरान खूबसूरत पद्दार घाटी को देखने आते हैं जो नीलम की खानों के लिए भी प्रसिद्ध है। श्रद्धालु 30 किलोमीटर के मुश्किल रास्ते को तय कर किश्तवाड़ के मचैल गांव में दुर्गा माता मंदिर में पूर्जा-अर्चना करते हैं।
किश्तवाड़ जिसे एक दशक पहले आतंकवाद मुक्त घोषित कर दिया गया था वहां पिछले साल एक नवंबर को भाजपा के प्रदेश सचिव अनिल परिहार और उनके भाई अजित परिहार की हत्या के बाद से सनसनी फैल गई थी। बाद में नौ अप्रैल को एक स्वास्थ्य केंद्र के भीतर आरएसएस के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत शर्मा और उनके सुरक्षा गार्ड की भी हत्या कर दी गई थी।