उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सेवाओं के कुशल वितरण के लिए प्रशासन और स्वैच्छिक नागरिकों के समूह के बीच इंटरफेस को मजबूत करने की जरूरत है। पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण, आदिवासी कल्याण, वृद्धों और विशेष रूप से दिव्यांगों की देखभाल जैसे सामाजिक क्षेत्र की प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने नई दिल्ली में ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से रविवार को मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीण विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं, विभिन्न कालेजों के नैक मूल्यांकन तथा पाठ्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर शिक्षा मंत्री से चर्चा की गई। इस दौरान आग्रह किया गया कि जम्मू-कश्मीर को शोध तथा विशिष्टता के केंद्र स्थापित करने की दिशा में विशेष तवज्जो दी जाए। ग्रामीण विकास मंत्री से अमृत सरोवर योजना तथा मनरेगा के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर घोषित अमृत सरोवर योजना के क्रियान्वयन की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रत्येक जिले में योजना के तहत सरोवर चिह्नित करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। इसके साथ ही मनरेगा के काम भी ग्रामीण इलाकों में तय लक्ष्य के अनुरूप ही चल रहे हैं।