घाटी में मंगलवार को भी हिंसा जारी रही। उपद्रवियों ने दो स्कूल फूंक दिए। कुलगाम में जेके बैंक की शाखा से नकाबपोशों ने दो लाख रुपये लूट लिए। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कुलगाम के कादेर गांव में बाइक सवार दो नकाबपोश जेके बैंक की शाखा में पहुंचे। उन्होंने बैंक कर्मचारियों तथा ग्राहकों को धमकाते हुए दो लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पहुंची पुलिस ने इलाके में सर्च आपरेशन चलाया लेकिन लुटेरों का पता नहीं चल सका। उपद्रवियों ने नूरबाग तथा अनंतनाग के अशमुकाम इलाके में स्थित दो सरकारी स्कूलों को फूंक दिया। इन घटनाओं को देखते हुए स्कूल तथा सरकारी भवनों के आस-पास सुरक्षा इंतजाम तगड़े कर दिए गए हैं। साथ ही पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।