जम्मू-रियासी संसदीय सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। बुधवार को चुनाव प्रचार थम गया है। जम्मू, सांबा और रियासी जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अब राजनीतिक दल सार्वजनिक रूप से बैठक नहीं कर सकेंगे। लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। वहीं, 5 से अधिक लोग जमा नहीं हो सकेंगे। शुक्रवार शाम 6 बजे तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
जम्मू सीट के रिटर्निंग अधिकारी सचिन कुमार ने बुधवार इससे संबंधित आदेश जारी किया। हालांकि यह आदेश चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मियों पर लागू नहीं होगा। डीसी जम्मू ने धारा 144 को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को भी आदेश दिया है। वहीं, जम्मू समेत तीनों जिलों में महत्वपूर्ण चौक-चौराहाें पर सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। जगह-जगह अर्धसैनिक बलों को पुलिस के साथ तैनात किया गया है, ताकि आचार संहिता को प्रभावी बनाया जा सके।
डीसी समेत अन्य ने ली मतदान करने की शपथ
जम्मू सीट पर होने वाले मतदान को लेकर तमाम सरकारी कर्मियों ने बुधवार शपथ ली। डीसी कार्यालय में डीसी जम्मू सचिन कुमार, एसएसपी जम्मू विनोद कुमार, एडीसी शेर सिंह ने तमाम डीसी कार्यालय में कार्यरत कर्मियों के साथ मतदान करने की शपथ ली। पूरे जिले में जगह-जगह सरकारी कर्मियों ने इसी तरह के कार्यक्रम को आयोजित किया।
वोटर कार्ड नहीं तो इन दस्तावेजों से भी डाल सकेंगे वोट
यदि आपके पास वोटर पहचान पत्र नहीं है। आपका नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। नाम सूची में होने पर आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, पासपोर्ट, स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पेंशन दस्तावेज, बैंक खाताबुक फोटो के साथ, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सर्विस पहचान पत्र फोटो के साथ, अधिकारिक पहचान कार्ड के साथ आप मतदान कर सकते हैं।