लोकसभा चुनाव में जम्मू रियासी सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रचार थम गया है। इसके साथ ही जम्मू, सांबा और रियासी जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही अब कोई भी राजनीतिक दल सार्वजनिक रूप से बैठक नहीं करेगा, किसी तरह के लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं होगा, कहीं पर भी 5 से अधिक लोग जमा नहीं हो सकेंगे, शुक्रवार शाम 6 बजे तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
जम्मू सीट के रिर्टनिंग अधिकारी सचिन कुमार ने बुधवार इससे संबंधित आदेश जारी किया। हालांकि यह आदेश चुनाव डयूटी में लगे अधिकारियों, कर्मियों पर लागू नहीं होगा। डीसी जम्मू ने धारा 144 को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को भी आदेश दिया है। वहीं जम्मू समेत तीनों जिलों में महत्वपूर्ण चौक चौराहों पर सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। जगह जगह अर्धसैनिक बलों को पुलिस के साथ तैनात किया गया है, ताकि आचार संहिता को प्रभावी बनाया जा सके।
डीसी समेत अन्य ने ली मतदान करने की शपथ
जम्मू सीट पर होने वाले 26 अप्रैल के मतदान को लेकर तमाम सरकारी कर्मियों ने बुधवार शपथ ली। डीसी कार्यालय में डीसी जम्मू सचिन कुमार, एसएसपी जम्मू विनोद कुमार, एडीसी शेर सिंह ने तमाम डीसी कार्यालय में कार्यरत कर्मियों के साथ मतदान करने की शपथ ली। पूरे जिले में जगह जगह सरकारी कर्मियों ने इसी तरह के कार्यक्रम को आयोजित किया।
वोटर कार्ड नहीं, इन दस्तावेजों को रखें साथ
यदि आपके पास वोटर पहचान पत्र नहीं है। आपका नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। नाम सूची में होने पर आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, पासपोर्ट, स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पेंशन दस्तावेज, बैंक खाताबुक फोटो के साथ, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सर्विस पहचान पत्र फोटो के साथ, अधिकारिक पहचान कार्ड के साथ आप मतदान कर सकते हैं।
40 लाख मिलने की सूचना
जानकारी के अनुसार शहर के नामी ज्यूलर के पास से 40 लाख रुपये की नकदी चुनाव टीम ने बरामद की है। जिसे संबंधित विभाग के पास सौंप दिया गया है। ताकि इसकी जांच की जा सके। यह कार्रवाई मंगलवार रात को की गई है। हालांकि अभी इसके बारे अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।