जम्मू-कश्मीर में कठुआ-डोडा-उधमपुर लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में होने वाले चुनाव में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन कर दिए गए हैं।
कठुआ, उधमपुर, रियासी, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिलों वाले इस लोकसभा क्षेत्र में साढ़े 16 लाख मतदाता हैं। लोकसभा क्षेत्र का केंद्र कठुआ है, जहां रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय के साथ-साथ ईवीएम मशीनों में कैद प्रत्याशियों के भविष्य की गणना भी होनी है। सभी छह जिलों से ईवीएम आठ अप्रैल को मतदान के बाद यहां लाई जाएंगी।
इससे पहले 18 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव विभाग ने डोडा उधमपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए कुल 2710 मतदान केंद्र तैयार किए हैं। इनमें 144 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील तो वहीं 1031 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। चुनाव विभाग इस बार विशेष रूप से सक्षम लोगों के लिए भी मतदान केंद्रों तक पहुंचने के इंतजाम सुनिश्चित कर रहा है। मंडलायुक्त को ऐसे लोगों की मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष ऑब्जर्बर नियुक्त किया है।
ये जता रहे दावेदारी
| विक्रमादित्य सिंह |
कांग्रेस |
| डॉ जितेंद्र सिंह |
भाजपा |
| चौधरी लाल सिंह |
डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी |
| टीआर भगत |
बहुजन समाज पार्टी |
| हर्ष देव सिंह |
जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी |
| मोहम्मद अयूब |
नवरंग कांग्रेस पार्टी |
| निवाक्षी |
शिवसेना |
| बंसी लाल |
निर्दलीय |
| राकेश |
निर्दलीय |
| शबीर अहमद |
निर्दलीय |
| गरीब सिंह |
निर्दलीय |
| फिरदौस अहमद बवानी |
निर्दलीय |