केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को जम्मू संभाग में तीन रैलियां कर भाजपा के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया।
जम्मू के सुचेतगढ़ में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'जो लोग जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करते रहे, उनको आज राज्य के लिए अलग प्रधानमंत्री चाहिए। अगर कोई जम्मू-कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की बात करता है, तो हमारे पास अनुच्छेद 370 और 35 ए को खत्म करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भद्रवाह में आयोजित रैली के दौरान कहा कि लंबे समय के बाद भद्रवाह में आना हुआ है। वर्षों पहले आया था और उसके बाद अब आया हूं। कभी भद्रवाह आतंकवाद का शिकार हुआ करता था। लोग आतंकवाद के खिलाफ लड़ते रहे। अब जाकर थोड़ी राहत मिली। लेकिन आपको मैं यकीन दिलाना चाहता हूं कि हमारी सरकार का जहां तक सवाल है तो आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी रहेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का संदेश जहां जाना चाहिए था, वहां चला गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ हम किसी तरह का समझौता नहीं कर सकते हैं। जब तक देश व जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं होगी, तब तक देश व राज्य का विकास नहीं हो सकता है। इसलिए किसी भी सूरत में सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। सरकार कैसे चलाई जाती है अब आपको इसका एहसास हो रहा है।
मोदी सरकार बनने के बाद हर क्षेत्र का विकास हो रहा है। कई वर्षों से लंबित मांगों को भाजपा सरकार ने पूरा किया है। एसपीओ का मानदेय बढ़ाया गया। जब उनको कम मानदेय की सूचना मिली तो तुरंत मानदेय बढ़ाने का आदेश जारी किया गया। पिछली सरकारे यह सब क्यों नहीं कर पाई, इस पर सबको विचार करना चाहिए।
राज्यपाल शासन में 80 डिग्री व पांच मेडिकल कालेज को मिली मंजूरी
राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दो एम्स की सुविधा हमारी सरकार ने दी है। इससे पहले किसी सरकार ने राज्य को एम्स नहीं दिया। सर्व शिक्षा अभियान के अस्थायी शिक्षकों को स्थायी शिक्षक बनाया गया। राज्यपाल शासन लागू होने के बाद 80 डिग्री कालेज व पांच मेडिकल कालेज को मंजूरी दी गई। इससे पहले सरकार यह विकास कार्य क्यों नहीं कर सकी।