pm narendra modi rally in jammu domana
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री की रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए जगह का चुनाव कर लिया गया है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री जम्मू-पुंछ लोक सभा सीट के लिए प्रचार शुरू करेंगे।
शहर से 24 किलोमीटर दूर, रायपुर दोमाना विधानसभा क्षेत्र के गांव डुम्मी में भाजपा नेताओं की ओर से जगह चिह्नित कर उस पर काम भी शुरू कर लिया है। प्रशासनिक और सुरक्षा से जुडे़ अधिकारियों ने भी रैली स्थल का दौरा किया। रैली स्थल ग्रामीण क्षेत्र में होने को लेकर इस पर गहन विचार विमर्श किया गया।
जिस स्थान पर रैली का आयोजन किया जाना है उस स्थान पर बड़े पैमाने पर गेहूं के खेत हैं। इन खेतों से किसानों ने गेहूं जो कि अभी तक कच्चा ही है को चारे के तौर पर काटने का काम शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री यहां हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। हेलीकाप्टर उतारने के लिये जगह चिन्हित की गई है।
भाजपा जिला ग्रामीण के प्रभारी असीम गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के किसानों का बहुत सहयोग मिला है। इस मौके पर स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रधानमंत्री उनके गांव में आ रहे हैं लिहाजा उनके लिये गेहूं इतना महत्व नहीं रखता जितना कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। उनके गांव प्रधानमंत्री पहुंचेंगे तो वह भी उनकी एक झलक देख लेंगे।
प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के उप प्रधान राम लाल बिट्टू ने बताया कि किसानों द्वारा अपनी कच्ची गेहूं काटी जा रही है। 50 कनाल खेतों को रैली के लिये साफ किया जा रहा है। इस रैली के से भाजपा रायपुर दोमाना, अखनूर, खौड़, नगरोटा, मढ़, नौशहरा , कालाकोट, राजौरी और जम्मू शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को पाटने की कोशिश करेगी।