पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भाजपा पर राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने की छटपटाहट में बालाकोट जैसे एक अन्य हमले की तैयारी कर रही है।
महबूबा ने एक ट्वीट में कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हमारे जवानों की कुर्बानी का नाजायज लाभ उठाकर और मतदाताओं के ध्रुवीकरण से भाजपा को मदद नहीं मिली है। ऐसे में वह चुनाव जीतने की छटपटाहट में अब राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर डर पैदा कर बालाकोट जैसे एक अन्य हमले के लिए आधार तैयार कर रही है।
वे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए भाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं जिसमें मोदी ने कहा था कि जब उन्होंने दूसरी गलती की तो हमने उसके घर में घुसकर एयर स्ट्राइक किया। उधार वालों को भी समझ में आ गया है कि अगर तीसरी गलती की तो लेने के देने पड़ जाएंगे।
महबूबा ने प्रधानमंत्री की कठुआ रैली में कश्मीरियों को लेकर कही गई बात पर ट्वीट करते हुए कहा कि कश्मीर कश्मीरियों का है। सशस्त्र बलों का दुरुपयोग सत्ता के लिए किया जा रहा है, सांप्रदायिक राजनीति को देश को तोड़ने के लिए धर्म के नाम पर हवा दी जा रही है। कुछ याद आया? कठुआ की रैली में प्रधानमंत्री ने नेकां और पीडीपी नेतृत्व पर जम्मू-कश्मीर को बर्बाद करने का आरोप लगाया था।