जम्मू संभाग की दोनों सीटों पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद नव निर्वाचित सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह और जुगल किशोर शर्मा शुक्रवार दोपहर बाद नई दिल्ली रवाना हो गए। इसके अलावा लद्दाख से भाजपा के नव निर्वाचित सांसद जामयांग सेरिंग नांग्याल भी दिल्ली रवाना हो गए है।
25 मई शनिवार को होने वाली भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में यह सभी सांसद भी हिस्सा लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार उधमपुर-डोडा लोकसभा सीट से चुनाव डा. जितेंद्र सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री के तौर पर पीएमओ का कार्र्यभार संभाल चुके हैं।
वहीं जम्मू पुंछ से संसदीय क्षेत्र से लगातार दूसरी बार चुनाव जीते जुगल किशोर शर्मा भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके है। इससे पूर्व में लगातार दो बार नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी रह चुके हैं। रियासत में लद्दाख संभाग से चुनाव जीते जामयांग सेरिंग नांग्याल वर्तमान में लद्दाख पहाड़ी स्वायत्त विकास परिषद लेह के मुख्य कार्यकारी काउंसलर के तौर पर कार्य कर रहे थे।
ऐसे में इन तीनों में से किसी एक का मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री बनना लगभग तय है और नामों को लेकर कयास का सिलसिला तेज हो गया है।