फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में हिंसा, बूथों पर ग्रेनेड व पेट्रोल बम दागे गए, ड्यूटी पर तैनात डीएसपी घायल

Tue, 07 May 2019 03:11 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीनगर
विज्ञापन
सरकारी स्कूल में मतदान के दौरान हमला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रियासत में अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव के दौरान सोमवार को अनंतनाग संसदीय सीट पर हिंसा की घटनाओं के बीच 2.38 फीसदी मतदान हुआ। इस सीट के शोपियां व पुलवामा जिले में मतदान केंद्रों पर ग्रेनेड हमले किए गए। पेट्रोल बम दागे गए। सुरक्षा बलों पर भारी पथराव किया गया। हिंसक झड़पों में एक डीएसपी समेत कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।

विज्ञापन


कई बूथों पर एक भी मत नहीं पड़े। इस सीट पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती समेत 18 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान को प्रभावित करने के लिए पुलवामा के रोहमू में मतदान केंद्र पर ग्रेनेड हमला किया गया। इसके साथ ही पुलवामा जिले के छतपोरा में गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में बने केंद्र पर भी ग्रेनेड फेंका गया, लेकिन यह स्कूल की बाउंड्री के बाहर गिरकर फट गया। इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। पुलवामा के ही टिकन में भी मतदान केंद्र पर ग्रेनेड दागा गया, लेकिन यह नहीं फटा। पुलवामा जिले के त्राल इलाके के बटपोरा में पेट्रोल बम दागा गया। इसके साथ ही शोपियां जिले के नादपोरा इलाके में सुरक्षा बलों पर भारी पथराव किया गया। मुरन गांव में भी पत्थरबाजी की गई। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। काफी देर तक यहां स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

लद्दाख में पूर्ण शांति के साथ पड़े वोट
ठीक इसके विपरीत लद्दाख सीट पर काफी संख्या में वोटर बाहर निकले। यहां शांतिपूर्ण मतदान रहा। यहां 63.70 फीसदी मत पड़े। सबसे बड़े संसदीय क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस के अलावा दो निर्दलीय मैदान में थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि छह लोकसभा सीटों पर 44.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह वर्ष 2014 के 49.52 प्रतिशत से पांच फीसदी कम है। अनंतनाग में तीन चरणों में 8.76 फीसदी मतदान हुआ है।
विज्ञापन


अनंतनाग में 20 और लद्दाख में आठ प्रतिशत कम मतदान
अनंतनाग जिले में तीन चरणों में कुल 8.76 प्रतिशत मतदान हुआ है। वर्ष 2014 में 28.84 फीसदी मतदाताओं ने मत डाले थे। लद्दाख संसदीय सीट पर वर्ष 2014 में 71.40 प्रतिशत मत पड़े थे। इस बार यहां 63.70 फीसदी मत पड़े। यानी अनंतनाग में 20 एवं लद्दाख सीट पर लगभग आठ प्रतिशत कम मतदान हुआ।

पोलिंग प्रतिशत
जिला 2019 2014
पुलवामा 2.14 7.66
शोपियां 2.88 22.31
लेह 54.06 68.23
कारगिल 73.38 75.53
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें