रियासी। सोमवार को बैंको के खुलते ही रियासी कस्बे में सामाजिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ती रहीं। रियासी व पौनी में सुबह बैंक खुलने के कुछ देर पहले ही लोगो की कतारें लगना शुरू हो गई थीं, जो समय बीतने के साथ बढ़ती गईं। इस दौरान सामाजिक दूरी के निर्देशों की जमकर धज्जियां उड़ीं। लोगों ने मास्क तो पहने थे मगर आपसी दूरी बरकरार नहीं रख सके।
पौनी में बैंक के बाहर खडे़ एक बुजुर्ग ने बताया कि वाहन नहीं चल पाने के कारण वह आठ किलोमीटर पैदल चल कर यह पहुंचे हैं, लेकिन धूप में खड़ा होना पड़ा। यहां पर पीने के पानी तक का प्रबंध तक नहीं था। बैंक के कर्मचारी ने बताया कि बैंक में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण काम करने में समय लगता है। रियासी में बैंक के बाहर लगी भीड़ को पुलिस ने मौके पर पहुंच कर व्यवस्थित किया।