बाहरी राज्यों से लौट रहे लोगों की संख्या में उधमपुर में एक बार फिर इजाफा हुआ है। सोमवार को देश के विभिन्न हिस्सों से 144 लोग उधमपुर पहुंचे और इनको प्रशासन ने पहुंचते ही क्वारंटीन कर लिया। इनमें कुछ लोगों के टिकरी में कोरोना टेस्ट भी करवाए गए। शेष जो बच गए हैं, इनके टेस्ट क्वारंटीन सेंटर में ही करवाए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से ट्रेनें तो उधमपुर नहीं पहुंच रही हैं, लेकिन बसों का पहुंचना लगातार जारी हैं। हालांकि कभी इनकी संख्या में कमी आ रही है तो कभी अचानक ही इनकी संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बढ़ोतरी होने पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भी परेशानी बढ़ रही है।
रविवार को बाहरी राज्यों से लौटने वाले लोगों की संख्या में बहुत ज्यादा कमी आई थी। रविवार को देश के विभिन्न हिस्सों से बस से सफर कर 41 लोग उधमपुर पहुंचे थे और इनको पहुंचते ही प्रशासन ने क्वारंटीन कर लिया गया था।
सोमवार को एक बार इनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई और बसों से सफर कर 144 लोग बाहरी राज्यों से उधमपुर पहुंचे जिनको क्वारंटीन किया गया। रविवार तक 12900 लोगों को क्वारंटीन व सर्विलांस पर रखा गया था। सोमवार को इनकी संख्या 13 हजार को पार कर 13044 तक पहुंच गई है।
इनमें से 40 संक्रमित मामलों को जम्मू और उधमपुर में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, जबकि 2860 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। सर्विलांस पर 4811 लोगों को रखा गया है। प्रशासनिक क्वारंटीन पर 717 लोगों को रखा गया है। वहीं, 4616 लोगों ने सर्विलांस का समय पूरा कर लिया है।