भद्रवाह। त्योहारों के मद्देनजर बुधवार से तीन दिन (29 से 31 जुलाई) के लिए लॉकडाउन में छूट दी गई है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के रक्षाबंधन और बकरईद की खरीदारी कर सकें। हालांकि सभी मस्जिदें, ईदगाह और प्रार्थना धर्मस्थल फिलहाल बंद ही रहेंगे।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से 21 जुलाई को उपजिला भद्रवाह में दो दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया था। इसे कोविड़-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बाद अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया था। इसके बाद भद्रवाह में अधिकारियों के साथ एक बैठक में डीसी डॉ. सागर दत्तारे डोईफोड ने 29 से 31 जुलाई तक लॉकडाउन में छूट देने का फैसला किया। हालांकि, व्यक्तिगत कारों और ऑटो रिक्शा को छोड़कर किसी भी सार्वजनिक परिवहन की अनुमति अभी नहीं दी गई है। बाजारों में भी चरणबद्ध तरीके से दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है।
एडीसी भद्रवाह राकेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पहले दिन बुधवार को कपड़े, रेडीमेड कपड़े, जूते और सौंदर्य प्रसाधनों से संबंधित दुकानों को खोलने की अनुमति होगी। गुरुवार (30 जुलाई) को किराने की दुकानें, बेकरी और प्रोविजनल स्टोर खुलेंगे। शुक्रवार (31 जुलाई) को मटन-चिकन की दुकानें खोलने की अनुमति होगी। इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दुकानदार सामाजिक सुरक्षा मानदंडों का पालन करेंगे और स्वयं व ग्राहकों द्वारा मास्क पहनना सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई उपर्युक्त शर्तों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सावधानी बरतते हुए बकर ईद मनाने का आग्रह
भद्रवाह के धार्मिक नेताओं ने भी लोगों से महामारी के मद्देनजर सभी आवश्यक सावधानी बरतते हुए बकर ईद मनाने का आग्रह किया है।
त्योहारी सीजन में लॉकडाउन हटाने की मांग
व्यापारिक वर्ग ने मांग की है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन को हटा दिया जाए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सलीम-उर-रहमान सांभरी ने कहा कि प्रशासन द्वारा लॉकडाउन प्रतिबंधों में दी गई छूट एक स्वागत योग्य कदम है। मगर बकर ईद और रक्षाबंधन को देखते हुए लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया जाना चाहिए। क्योंकि त्योहारी सीजन के दौरान भी पिछले नौ दिन से बाजार बंद हैं। इससे लोगों सहित व्यापारी वर्ग को काफी समस्या हो रही है। उम्मीद है प्रशासन उनकी अपील मंजूर कर जल्द ही सभी दुकानों को एक साथ खोलने की अनुमति देगा।