श्री अमरनाथ यात्रा के चलते यात्री निवास में चोरों का आतंक फैलने लगा है। सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम और सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद श्रद्धालुओं के पैसे चोरी होने के मामले सामने आ रहे हैं। पीड़ितों की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा रही है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पुलिस से जब इस बारे में पूछें तो वे किसी की ओर से लिखित में शिकायत नहीं आने की बात कर रहे हैं। यात्री निवास में एक दिन में दो चोरियां हो चुकी हैं। दिल्ली से श्रद्धालु सतपाल के 17,000 रुपये चोरी हो गई, जबकि एक अन्य श्रद्धालु के आठ हजार रुपये यात्री निवास के अंदर से ही चोरी होने की घटना सामने आई है।
पीड़ितों का कहना है कि सामान रखकर जब वे आराम कर रहे थे तभी किसी ने उनकी जेब पर हाथ साफ कर दिया। काफी इधर-उधर ढूंढने के बाद भी उन्हें उनके पैसे नहीं मिल सके है। उन्होंने आसपास के लोगों से भी पैसे मिलने के बारे में पूछा, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया।
ऐसे में आसपास के लोगों तथा साथ आए अन्य लोगों ने पैसे जुटाकर पीड़ित को दिए, तब जाकर वह टिकट लेकर श्री अमरनाथ यात्रा करने के योग्य हो सके हैं। पीड़ितों के मुताबिक उन्होंने संबंधित थाने की पुलिस को इसके बारे में सूचित किया है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।