शहीद शुभम शर्मा के घर में जमा लोग
- फोटो : ANI
एलओसी पर नौगाम सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हुए 8 जैक राइफल्स के राइफल मैन शुभम शर्मा को शुक्रवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। जम्मू के आरएस पुरा इलाके में शुक्रवार को जब उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिवार वालों के साथ-साथ आसपास के सभी लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
शहीद शुभम शर्मा के छोटे भाई ने कहा कि मुझे अपने भाई पर गर्व है। मैं भी भविष्य में सेना में भर्ती होना चाहता हूं। इसके बाद शहीद राइफल मैन की अंतिम यात्रा में भी स्थानीय लोगों की भावनाएं उमड़ती नजर आईं।
शव यात्रा के दौरान आसपास के लोग लगातार देशभक्ति के नारे लगाते रहे। पूरा इलाका भारत माता की जयजयकार से गूंज उठा। मालूम हो कि गुरुवार शाम को एलओसी पर कुपवाड़ा व पुंछ जिले में पाकिस्तानी गोलाबारी में तीन जवान शहीद हो गए थे, जबकि पांच अन्य घायल हो गए थे।
सेना ने भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। बताया जा रहा है कि भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ था। सेना ने लीपा वैली में आतंकियों के लॉन्च पैड और पाक सेना के कई पोस्ट को तबाह कर दिए।