मतदान केन्द्रों पर उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील तथा अति संवेदनशील केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति की गई थी। सुरक्षा में केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती थी। चुनाव वाले इलाकों में छुट्टी रही। केंद्र सरकार के अधीन कार्यालयों में छुट्टी नहीं रही। राज्यपाल के सलाहकार के विजय कुमार ने श्रीनगर के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनाव व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रत्याशी की मौत के बाद मतदान स्थगित
रामबन में वार्ड नंबर दो से भाजपा प्रत्याशी आजाद सिंह राजू की हार्ट अटैक से मौत के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया। हार्ट अटैक के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पूर्व आतंकी ने भी डाला वोट
श्रीनगर के डाउनटाउन के बरबरशाह मतदान केंद्र पर वार्ड 37 के लिए भले ही मतदाताओं में उत्साह नहीं था, लेकिन 90 के दशक में जिन हाथों ने बंदूक उठाकर लोकतंत्र को ठुकराया था उसी ने वोट डाले। हरकत-उल-मुजाहिदीन के पूर्व आतंकी फारूक अहमद डार उर्फ सैफुल्लाह मीर ने वोट डाला। कहा कि आज उसके जीवन में एक बड़ा बदलाव आया है। वह बर्बादी से अमन की तरफ चल पड़ा है और जीत दर्ज कर कश्मीर की युवा पीढ़ी के लिए काम करेगा। आज वह उनके लिए कुछ करना चाहता है जो 20-30 साल से मुश्किलों में है। वह इनके जख्मों पर मरहम लगाना चाहता है। फारूक भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में है।