गुजरात दौरे से लौटे उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को मुख्य सचिव के साथ अन्य प्रशासनिक सचिवों से अतिक्रमण हटाओ अभियान पर फीडबैक लिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान पर कांग्रेंस, नेकां आदि विपक्षी दल विरोध जता रहे हैं।
प्रशासन की तरफ से जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ श्रीनगर के सिटी सेंटर लाल चौक सहित कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद रहा। श्रीनगर के अधिकांश हिस्सों में दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि अन्य कुछ ज़िलों में भी कुछ दुकानों के बंद होने की रिपोर्ट मिली है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि किसने हड़ताल का आह्वान किया था। अनंतनाग से अनौपचारिक रिपोर्टों के मुताबिक हुर्रियत कांफ्रेंस द्वारा कथित तौर पर जारी किए गए पोस्टर कुछ स्थानों पर दिखाई दिए।
श्रीनगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान गरीबों और भूमिहीन लोगों को छुआ भी नहीं जाएगा। यह बात श्रीनगर के उपायुक्त मोहम्मद एजाज असद ने कही। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे एलजी के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और यह स्पष्ट है कि प्रशासन गरीब और भूमिहीन लोगों को नहीं छुएगा।