उपराज्यपाल ने कहा कि उनकी अगुवाई में प्रशासन प्रदेश के लोगों के सम्मानजनक और शांतिपूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने और बेहतर माहौल बनाने के लिए बातचीत शुरू करेगा। बिना किसी भेदभाव के लिए जम्मू-कश्मीर का विकास होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मुझे प्रदेश का विकास तेजी से करने के लिए कहा है। इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
उपराज्यपाल सिन्हा ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की अफसरों को सलाह देते हुए कहा कि जनता का पैसा सिर्फ आम आदमी के हित में ही खर्च होना चाहिए। हमें बदलाव की शुरुआत खुद से करनी होगी। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता को सरकार से काफी आशाएं हैं। नई पीढ़ी हमारी ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे।
सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पंचायत राज कानून देश के अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की तुलना में ज्यादा बेहतर और मजबूत हैं। जब हम बदलाव की बात करते हैं तो पहले खुद को बदलने की जरूरत होती है। जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र फले-फूले इसके लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा।
विकास कार्यों पर काफी टेबल बुक का विमोचन
उपराज्यपाल ने एक साल में जम्मू-कश्मीर में विकास की उपलब्धियां बताने वाली काफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर कोरोना योद्धाओं, पंचायत और स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।