जम्मू। किसान मेले में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि हमारे विशेषज्ञ कम्युनिटी बीज बैंक तैयार कर रहे हैं। उन्होंने विशेषज्ञों से पंचायत स्तर पर उस गांव की मिट्टी के अनुकूल बीज तैयार करने के लिए कहा। एलजी ने स्काॅस्ट के विशेषज्ञों से कहा कि वे सर्कुलर खेती का माॅडल अपनाएं।
इसमें जहां फसल के अवशेष जानवरों का हाई प्रोटीन चारा बन जाते हैं और खाद ऑर्गेनिक खाद के रूप में वापस आ जाती है जिससे मिट्टी की सेहत अच्छी होती है। एलजी ने सभी 20 जिलों में प्रोसेसिंग सुविधाएं बनाने पर लगातार ध्यान देने पर जोर दिया। दूध से घी, फल से ड्राईफ्रूट कैसे तैयार करें इस दिशा में सोचने की जरूरत है ताकि किसान सीधे ग्राहक तक पहुंच सके। कहा कि हमें वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट के लिए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) को सीधे ग्राहकों से जोड़ना चाहिए ताकि अक्सर बिचौलियों के हाथ चला जाने वाला लाभ किसानों को मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसान व उद्यमी आगे आएं और थोड़ा पीछे रह गए किसानों की हैंडहोल्डिंग करें। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की है जहां दुनिया की हर थाली में कम से कम एक भारतीय डिश जरूर होगी। कृषि क्षेत्र विकसित भारत में सबसे बड़ा योगदान देने वाला बन जाएगा।