उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में बुधवार को सेना ने लश्कर के एक आतंकी को दबोच लिया। पकडे़ गए आतंकी से हथियार बरामद हुए हैं।
घटना हंदवाड़ा के दृशपुरा जंगल क्षेत्र की है। एक सूचना के आधार पर सेना की सर्विलांस टीम ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। इलाके में संदिग्ध हालत में घूम रहे एक शख्स को सेना के जवानों ने दबोच लिया।
तलाशी में उससे एक 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी है। पकड़ा गया बिलाल अहमद नजार छान मोहल्ला हंदवाड़ा का बताया गया है।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर सेना को एक एके-47, अन्य हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ। बाद में सेना द्वारा और पूछताछ के लिए हंदवाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया।