लेह में विकास ढांचे पर हुई बैठक में मौजूदा लद्दाख आटोनोमस हिल डेवलपमेंट के चैयरमैन ताशी ग्यालसन
लद्दाख ऑटोनोमस हिल डेवलपमेंट की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर किया मंथन
कहा, अध्यापकों की कमी को किया जाएगा पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
लेह। लेह में शिक्षा, पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इससे आर्थिकी सुदृढ़ मजबूत होगी। यह बात लद्दाख ऑटोनोमस हिल डेवलपमेंट के चेयरमैन अधिवक्ता ताशी ग्यालसन ने बैठक में कही। इस मौके पर समग्र शिक्षा योजना,स्कूलों में शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीईटी) की कमी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने विभिन्न स्कूलों में पीईटी की कमियों को दूर करने के विभिन्न उपाय करने को कहा। पीईटी के लिए नियमों (आरआर) में संशोधन की संभावना, आउटसोर्सिंग या समग्र के तहत उन्हें शामिल करने के तरीकों पर चर्चा हुई। पर्यटक ढांचे को मजबूत करने के लिए गेस्टहाउस और होटलों सहित पर्यटन सूची को औद्योगिक टैरिफ खंड के तहत लाने के लिए मंथन हुआ।
उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के शिक्षकों के वेतन बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया। साथ ही हथकरघा क्षेत्र और इसके भर्ती नियमों (आरआर) से संबंधित नीतियों में आवश्यक सुधारों पर चर्चा की। बैठक में लेह जिले में शिक्षा, पर्यटन और उद्योग को मजबूत करने के लिए समाधानों की पहचान करने और नीतिगत उपायों की खोज करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।