केके हक्कू स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर चल रही पांचवीं हाकी इंडिया सब जूनियर (पुरुष) नेशनल हाकी चैंपियनशिप में चंडीगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन और मुंबई हाकी एसोसिएशन ने एकतरफा मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा बंगाल हाकी एसोसिएशन और हाकी पुडुचेरी ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
मंगलवार को खेले मुकाबलों में चंडीगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन ने हाकी हिमाचल पर 15-1 से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर दबाव बनाकर खेला। एक के बाद एक गोल से हाकी हिमाचल के खिलाड़ियों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। टीम की ओर से महिंद्र सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए सात बार बाल को गोल पोस्ट में डालकर टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
इसी तरह संजय ने भी शानदार मूव बनाते हुए तीन गोल ठोककर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। टीम की गोल सूची में अर्षदीप सिंह के दो गोल शामिल रहे। इसके अलावा हाशीम, सुखमान सिंह और प्रभजीत सिंह ने एक-एक गोल ठोककर टीम की जीत में अपना योगदान दिया। हाकी हिमाचल की ओर से शेर सिंह को ही एकमात्र सफलता मिली। मुंबई हाकी एसोसिएशन ने गोएन्स हाकी को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से शिकस्त दी।
टीम की ओर से टीकाराम ठकुला, सत्यम यादव, अमीन रागी ने एक एक गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। श्रेया दुपे ने एक गोल ठोका। हालांकि इस बीच गोएन्स हाकी के खिलाड़ी कई बार बाल को लेकर गोल पोस्ट तक पहुंचे, मगर वे गोल करने में सफल नहीं हो सके। एक अन्य मुकाबले में बंगाल हाकी एसोसिएशन ने सिटीजन हाकी इलेवन को 3-0 से मात दी। अखिलेश सांत्रा ने दो और राजेश मंडल ने एक गोल ठोका।
हाकी पुडुचेरी ने भी अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए हाकी उत्तराखंड को 3-1 से मात दी। आर रंजीत, आर जेवल और आर योकेश ने एक-एक गोल ठोककर टीम को जीत तक पहुंचाया। हाकी उत्तराखंड की ओर से विष्णु कुमार ने एकमात्र गोल ठोका।