खनियार से जीते नेशनल कांफ्रेंस के विधायक अली मोहम्मद सागर ने सोमवार को कहा कि उन पर बोगस वोटिंग के लगाए आरोप निराधार हैं। सागर ने कहा कि हार से पीडीपी नेता मोहम्मद खुर्शीद आलम काफी बौखलाए हुए हैं। अली मोहम्मद सागर ने खुर्शीद आलम को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन पर अंगुली उठाने से पहले वह अपने गिरेबान में झांक कर देखें और लोगों को जवाब दें कि उन्होंने इतनी संपत्ति कैसे हासिल की।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की बोगस वोटिंग नहीं हुई है। मतदाताओं ने उन्हें इसलिए चुना कि एक भ्रष्ट राजनेता को सत्ता में आने से दूर रखा जा सके। सागर ने कहा कि वह कोर्ट के सामने सब सच्चाई स्वयं पेश करेंगे और शिकायतकर्ता के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू करेंगे, जो सरकारी अधिकारियों को बदनाम करने के प्रयास में हैं।
गौरतलब है कि खनियार विधानसभा क्षेत्र को लेकर उठे बोगस वोटिंग मामले में जम्मू कश्मीर पुलिस को शनिवार को अपनी रिपोर्ट पेश करनी थी, लेकिन चीफ जूडिशियल मजिस्ट्रेट वीरेंदर सिंह बाहु के छुट्टी पर चले जाने के कारण पुलिस यह रिपोर्ट पेश नहीं कर पाई। अब मामले की कार्रवाई की अगली तिथि 21 फरवरी रखी गई है।