धर्मनगरी में माता वैष्णो देवी के भवन द्वार पर बुधवार की दोपहर को गेट नंबर तीन के पास एक बड़ी चट्टान गिरी जिसके नीचे दबकर सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसे के तत्काल बाद मार्ग पर दोनों ओर से यात्रा को रोक दिया गया।
मूसलाधार बारिश के बाद दोपहर करीब एक बजे गेट के मुख्य द्वार के पास एक बड़ी चट्टान अचानक गिर गई। मौके पर सुरक्षा जांचने के लिए तैनात सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल हरवींद्र सिंह पुत्र सर्वन सिंह निवासी गालिया होशियारपुर पंजाब इसमें दब गए। इससे उसकी मौत हो गई। वे सीआरपीएफ की 6 बटालियन में तैनात थे।
इस गेट पर अकसर यात्रियों की लंबी कतार रहती है। घटना के तत्काल बाद श्राइन बोर्ड राहत दल, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान बचाव कार्य में जुट गए। दोनों ओर से यात्रा को रोक दिया गया। बचाव कार्य शुरू होने से पहले कई अन्य लोगों के दबने की भी आशंका जताई जा रही थी, लेकिन डेढ़ घंटे चले बचाव कार्य के बाद एक की मौत होने की पुष्टि कर दी गई।