जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के नजदीक रामबन और रामसू के बीच विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। इस कारण से हाइवे पर लंबा जाम लग गया है। सड़क के दोनों और गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं। वहीं जाम में फंसे यात्री परेशान हो रहे हैं। भूस्खलन के कारण राजमार्ग पर आवाजाही ठप पड़ गई है।
गौरतलब हो देश को कश्मीर के साथ जोड़ने वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, जिसे कश्मीर की लाइफ लाइन भी कहा जाता है, पर करीब तीस किलोमीटर की यात्रा जोखिम भरी मानी जाती है। दरअसल रामबन से बनिहाल तक इस हिस्से में पहाड़ों से जगह-जगह पत्थर गिरते रहते हैं।
वहीं इस मार्ग पर 80 फीसद से अधिक सड़क हादसे होते हैं। सड़क पर पत्थर गिरने से कई बार दो दिन तक रास्ता बंद हो जाता है। रामबन से बनिहाल के बीच रामसू में सड़क की हालत सबसे अधिक खराब है। अधिकतर समय यहां से वाहनों को एक तरफ रोक कर ही दूसरे तरफ की गाड़ियों को रवाना करना पड़ता है।