भड्डू गांव के वार्ड पांच में सड़क किनारे लगाई गई दीवार हुई क्षतिग्रस्त।
बिलावर। भड्डू पंचायत के वार्ड पांच मोहल्ला चरौली को जोड़ने वाली सड़क किनारे लगाई गई सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है इसकी वजह से सड़क किनारे बनाए गए 20 घरों पर भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है। सुरक्षा दीवार गिरने पर लोग घर गिरने की आशंका से डरे और सहमे हुए हैं।
स्थानीय निवासी दीपक शर्मा, पंकज, राहुल, रिंकी, मखनी और राजीव ने बताया कि शनिवार रात इलाके में हुई जोरदार बारिश से मोहल्ला चरौली को जोड़ने वाली सड़क के किनारे लगाई गई दीवार गिर गई थी जिसकी वजह से सड़क किनारे बनाए गए 20 घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
लोगों ने बताया कि आने वाले महीनों में बरसात का मौसम शुरू हो जाएगा और लगातार बारिश की वजह से सड़क किनारे बनाए गए घरों को नुकसान पहुंचेगा। लोगों ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) में उनके मोहल्ले को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण किया था और जिस जगह पर सुरक्षा दीवार गिरी है।
उस जगह पर करीब 30 फीट गहरी खाई बन गई है। लोगों ने लोनिवि से मांग की है कि इस सड़क का जल्द निरीक्षण कर बरसात के मौसम से पहले पहले नई सुरक्षा दीवार बनाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने इस संदर्भ में संबंधित विभाग से संज्ञान लेने और क्षतिग्रस्त हुई सुरक्षा दीवार को दोबारा बनाने की मांग की है।