खराब मौसम और बारिश का असर वैष्णो माता के यात्रा पर भी आंशिक रूप से पड़ रहा है। पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण भवन को जाने वाला नया ट्रैक बंद हो गया। रविवार को केवल पुराने रास्ते से ही श्रद्धालु भवन की ओर जा रहे थे। दूसरी तरफ हेलीकाप्टर सेवा पर भी मौसम की मार पड़ी है।
जानकारी के मुताबिक लगातार रुक-रुक कर बारिश के कारण वैष्णो माता भवन जाने वाले नए ट्रैक पर पहाड़ी से काफी मात्रा में पत्थर आ गिरा। रविवार की सुबह पंछी कालोनी के पास पत्थर गिरने से टिन की शेड टूट गई। इससे इस मार्ग पर यातायात को रोक दिया गया। हालांकि युद्ध स्तर पर पत्थरों को हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
रविवार देर शाम तक इस मार्ग पर आवाजाही बंद ही रही। श्रद्धालु केवल पुराने ट्रैक से ही आवाजाही कर रहे हैं। इस बीच हेलीकाप्टर से दर्शन को जाने वाले यात्रियों को भी काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। रविवार की सुबह कुछ उड़ाने भरने के बाद त्रिकुटा पहाड़ी पर धुंध छा गई। इसके कारण उड़ाने बंद कर दी गई जो देर शाम तक बंद ही रही।
मजबूरन हेलीकाप्टर से जाने वाले वृद्ध और मजबूर भक्तों को पालकी का सहारा लेना पड़ा। बता दें कि चार दिन से लगातार कटड़ा-सांझी छत के बीच हेलीकाप्टर सेवा बाधित चल रही है। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार रविवार देर शाम तक बीस हजार के करीब यात्री भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। हालांकि पंजीकरण कक्ष बंद होने में अभी समय बाकी था।