जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को मानसून की पहली तेज बारिश आफत लेकर आई। जिला कुपवाड़ा के हार्डन क्षेत्र में नाले के तेज बहाव में बह जाने से छह वर्षीय बुरहान अहमद माला निवासी हार्डन खुरहमा, लोलाब की मौत हो गई।
परिवारवालों और पड़ोसियों ने बच्चे को तुरंत नाले से निकालकर पीएचसी पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। लोलाब में तेज बारिश से कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। मौसम के बिगड़े मिजाज से खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश से भारी जलभराव हो गया। झेलम में बाढ़ की आशंका से शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। बादल फटने और भूस्खलन से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। बारिश से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा बाधित रही। जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश से पारे में गिरावट आई है। मौसम के बदले मिजाज से राज्य के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 5-8 डिग्री गिर गया है।
श्रीनगर और आसपास के इलाकों में वीरवार प्रात 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक मूसलाधार बारिश से जलभराव हो गया। सड़कों पर चारों ओर जलभराव से वाहन चालकों के साथ राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। जम्मू में बुधवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला वीरवार दोपहर तक जारी रहा। बारिश से किसानों को राहत मिली है। उन्होंने फिर से धान की रोपाई शुरू कर दी है। तेज बारिश के बीच पस्सी गिरने से उधमपुर-घोरड़ी मार्ग बंद रहा।