स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री चौधरी लाल सिंह ने सोमवार को जम्मू में एम्स संस्थान के निर्माण के लिए गांधीनगर जोन के राइका और नगरोटा तहसील के जगती में भूमि का निरीक्षण किया।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू और कश्मीर में दो एम्स स्थापित करने के लिए 3000 करोड़ की राशि के अलावा स्वास्थ्य सेवाओं व नये अस्पतालों के निर्माण के लिए 1900 करोड़ की राशि को मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने कहा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने जम्मू और श्रीनगर में एम्स स्थापित करने के लिए रियासती सरकार को भूमि की निशानदेही करने को कहा है।
उन्होंने कहा राजौरी, डोडा और कठुआ के अलावा कश्मीर घाटी में दो मेडिकल कालेज स्थापित करने को भी मंजूरी प्रदान हो चुकी है। उन्होंने टेंडर औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर जम्मू पूर्व के विधायक राजेश गुप्ता, मंडलायुक्त डा. पवन कोतवाल, स्वास्थ्य सचिव डा. मंदीप कुमार भंडारी, जिला विकास आयुक्त सिमरनदीप सिंह, स्वास्थ्य सेवा निदेशक डा. बलजीत सिंह पठानिया आदि भी मौजूद रहे।