लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शिक्षा महाकुंभ 2025 में समग्र शिक्षा की वकालत की। स्रोत
- फोटो : udhampur news
लद्दाख के एलजी ने मोहाली में हुए शिक्षा महाकुंभ में किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासन लद्दाख में समग्र और समावेशी शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को पारंपरिक ज्ञान के साथ सामंजस्य स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एलजी ने मोहाली, चंडीगढ़ में आयोजित शिक्षा महाकुंभ 2025 में संबोधित करते हुए कहा कि लद्दाख की अनूठी पर्यावरणीय और सांस्कृतिक विरासत स्थिरता और अनुभवात्मक शिक्षा का एक जीवंत मॉडल प्रस्तुत करती है। यह वास्तव में समाज की कक्षा की भावना को मूर्त रूप देती है। उन्होंने कहा, शिक्षा को कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे समाज के ताने-बाने तक विस्तारित किया जाना चाहिए। जिम्मेदार व दयालु नागरिकों का निर्माण करना चाहिए जो प्रकृति और समुदाय के साथ सामंजस्य को महत्व देते हों।
समग्र शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मोहाली द्वारा आयोजित शिक्षा महाकुंभ में समाज की कक्षा: शिक्षा के माध्यम से स्वस्थ विश्व का निर्माण विषय पर सम्मेलन कराया गया। इसमें देशभर के नीति निर्माताओं, शिक्षकों और विद्वानों ने एक स्वस्थ, अधिक जागरूक विश्व के निर्माण में शिक्षा की उभरती भूमिका पर विचार-विमर्श किया।