पूर्ण राज्य का दर्जा देने और सांविधानिक अधिकारों की बहाली के लिए छठी अनुसूची में शामिल करने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर शनिवार को कारगिल बंद रहा। लेह में रैली निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) की ओर से लेह चलो कॉल तथा कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) की ओर से बंद का आह्वान किया गया था।
बंद के मद्देनजर सभी दुकानें तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद लेह के पोलो ग्राउंड में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया।
मांगों के समर्थन में नारेबाजी की गई। कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के सदस्य सज्जाद हुसैन कारगिली ने कहा कि चार सूत्री एजेंडा पर आंदोलनरत लद्दाख के लोगों की आवाज को सरकार को बिना किसी देर किए सुनना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली में 19 फरवरी को गृह मंत्रालय में बुलाई गई उनकी बैठक में मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।